किसानों ने मक्का MSP, यूरिया वितरण की मांग की:कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

देवास में शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों की परेशानियों को उठाते हुए मक्का की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी शुरू करने, यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने की मांग रखी गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मक्का का MSP तो 2400 रुपये प्रति क्विंटल तय है, लेकिन वास्तविकता यह है कि मंडियों में किसानों की उपज 1100 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल में बिक रही है। उनका कहना है कि सरकार की नीतियों के कारण व्यापारी किसानों को औने-पौने दाम दे रहे हैं और किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकारी खरीद बंद होने से किसान मजबूरी में सस्ते दामों पर फसल बेचने को विवश हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिन उद्योगों में मक्का उपयोग होता है, वहां भी स्थिति संतोषजनक नहीं है। उद्योगों ने सीजन में अपनी क्षमता का केवल 30% स्टॉक खरीदा, जबकि 100% खरीद होती तो मंडियों में फसल का भाव 2100 से 2400 रुपये के बीच रहता। कांग्रेस ने कहा कि जिन प्लांटों ने खरीद नहीं की, उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया, और इसका नुकसान सीधे किसान वर्ग झेल रहा है। इसके साथ ही यूरिया की कमी को लेकर भी कांग्रेस ने कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि किसान गेहूं बोवनी के समय खाद के लिए भटक रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि सरकार तत्काल किसानों के हित में निर्णय ले, वरना कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *