आगर मालवा में सुसनेर न्यायालय के आदेश के बाद सोमवार को किसानों ने सोयत-माचलपुर मार्ग बंद कर दिया। किसानों का आरोप है कि उनकी निजी भूमि पर बिना अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी किए और मुआवजा दिए सड़क का निर्माण कर उसका उपयोग किया जा रहा था। लवकुश चौराहे से कालीसिंध नदी तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। किसानों ने इसी मुद्दे पर न्यायालय में याचिका दायर की थी।
मामले में न्यायालय ने 29 जनवरी को आदेश पारित किया था। इसमें कहा गया था कि अंतिम निर्णय आने तक वादी पक्ष की भूमि से वाहनों को नहीं निकलने दिया जाए और वादी पक्ष को परेशान न किया जाए। इस आदेश के बाद किसानों ने प्रशासन को पूर्व सूचना देकर मार्ग बंद किया। सूचना मिलते ही एसडीओपी देवनारायण यादव, सुसनेर थाना प्रभारी केसर राजपूत, सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा और नायब तहसीलदार राजेश श्रीमाल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम सर्वेश यादव ने बताया कि यह मार्ग पहले पीडब्ल्यूडी के अधीन था, जिसे बाद में एमपीआरडीसी को सौंप दिया गया है। एमपीआरडीसी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है, जो पूरे मामले की स्थिति को समझ रहे हैं। प्रशासन किसानों से चर्चा कर रास्ता खुलवाने का प्रयास कर रहा है।


