खंडवा में दो दर्जन से ज्यादा किसानों के साथ ठगी करने वाला आरोपी सवा साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है। आरोपी सूरज यादव उर्फ चंदन प्रजापति उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है। उसने जैविक खेती और पॉली हाउस लगाने के नाम पर 30 किसानों से करीब 30 लाख रुपए ठगे थे। आरोपी को राजगढ़ पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था, जिसे अब खंडवा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया। आरोपी सूरज यादव के खिलाफ राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाने में भी ठगी का मामला दर्ज था। राजगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। खंडवा पुलिस ने न्यायालय की अनुमति से उसे वहां से प्रोडक्शन वारंट पर लिया और खंडवा लेकर पहुंची। ‘फॉर्मर फर्स्ट चॉइस’ कंपनी बनाकर की ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ‘फॉर्मर फर्स्ट चॉइस’ नाम की एक कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के जरिए उसने खंडवा जिले के 25 से 30 किसानों को अपने खेत में पॉली हाउस लगाने और जैविक खाद की डीलरशिप देने का लालच दिया। पैसे लेकर फरार हो गई थी पूरी टीम
आरोपी और उसके साथियों ने किसानों से एडवांस के रूप में करीब 28 से 30 लाख रुपए जमा कराए। पैसे मिलने के बाद कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रातों-रात फरार हो गए थे। सितंबर 2024 में दर्ज हुआ था केस, 12 आरोपी
यह मामला 2024 का है। रामनगर चौकी पुलिस ने सितंबर 2024 में किसानों की शिकायत पर कुल 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। इसमें मुख्य आरोपी सूरज यादव उर्फ चंदन प्रजापति (निवासी गाजीपुर, यूपी) भी शामिल था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। पढ़िए, ये था पूरा मामला… करोड़पति बनने का सपना दिखाकर किसानों से लूट:पॉली हाउस के नाम पर 27 लाख रुपए लिए; किसान बोले- कर्ज लेकर दिए थे पैसे


