भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र के सौरा गांव में किसान की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मंगलवार रात खेत पर बने ट्यूबवेल पर बदमाशों ने किसान को गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने भिंड, ग्वालियर, दतिया और मुरैना जिलों में कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी अब भी फरार हैं। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजकुमार उर्फ छुन्ना गुर्जर, पुत्र मजबूत सिंह गुर्जर, निवासी सौरा गांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार का विवाद अपने भाई की चुनावी रंजिश को लेकर मालनपुर क्षेत्र के रहने वाले रूपसिंह धोबी और लक्ष्मण सिंह धोबी से चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से राजकुमार के भाई को निशाना बनाने आए थे, लेकिन उसके न मिलने पर उन्होंने राजकुमार पर ही हमला कर दिया। बेटे के सामने मारी गोली घटना के समय राजकुमार अपने 11 वर्षीय बेटे शिवम के साथ ट्यूबवेल पर मौजूद था। शाम करीब सात बजे आरोपी वहां पहुंचे और बच्चे के सामने ही राजकुमार को गोली मार दी। जब शिवम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर सरिया से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। तीन जिलों में दी दबिश मौ थाना प्रभारी रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में भिंड जिले के एंडोरी, भानपुरा, माहों, ग्वालियर के पुरानी छावनी, डीडी नगर, विक्रमपुरा, दतिया के पंडोखर और भगुआपुरा तथा मुरैना के पोरसा क्षेत्र में दबिश दी गई है। फिलहाल पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर लगातार तलाश शुरू की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


