किसान को खा गया टाइगर, खेत में मिला शव:​​​​​​​बालाघाट में लोग बोले-15 दिन से था मूवमेंट; उमरिया में बाघिन ने किया युवक का शिकार

मध्यप्रदेश के बालाघाट में टाइगर ने एक किसान पर हमला कर दिया। बाघ ने उसके कमर के नीचे के हिस्सों को खा लिया। खेत में उसका शव पड़ा मिला। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। लोगों ने कहा कि 15 दिन से बाघ और उनके शावकों का मूवमेंट था। इधर, उमरिया में भी बाघिन ने एक युवक की जान ले ली। जंगल में उसका क्षत विक्षत शव मिला। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही हैं। पहले बात बालाघाट की
खेत में जुताई करने गया था किसान
कटंगी थाना क्षेत्र में खैरलांजी का रहने वाला किसान सुखराम उइके (55) रविवार सुबह खेत में जुताई करने गया था। दोपहर में उसके बैल घर आ गए थे, लेकिन किसान नहीं लौटा। इसके बाद परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। पहले जंगल में उन्हें ढूंढा गया, लेकिन वह नहीं मिले। इसके बाद ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेत में तलाश की गई तो शाम करीब 4.30 बजे वहां उनका शव पड़ा मिला। बाघ के साथ शावक भी है…
लोगों ने बताया कि बाघ के साथ वहां शावक का भी मूवमेंट है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। लोगों का कहना है कि 15 दिन से बाघ गांव के आसपास घूम रहा था। वन विभाग को इसकी सूचना भी दी थी। वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि वन परिक्षेत्र सहायक ज्ञानीराम गोटाफोड़े ने बताया कि ग्रामीणों को सूचना देकर सतर्क रहने को कहा था। परिजन बेटे को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। गांव में वन अमले के साथ पुलिस तैनात
तिरोड़ी थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि बालाघाट-सिवनी की सीमा पर खैरलांजी और सिल्लारी गांव है, जो सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। जहां सुखराम उईके का शव मिला है, वह कुरई थाना क्षेत्र में है। घटना के बाद महकेपार पुलिस और कुरई की पुलिस के अलावा वन अमला भी वहां मौजूद है। अब बात उमरिया की
बहन के घर जा रहा था युवक, जंगल में मिला शव
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र में बाघिन के हमले से एक युवक की मौत हो गई। शनिवार को गढ़पुरी का रहने वाला कल्याण बैगा (45) अपने घर नहीं पहुंचा। इसके बाद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार को जंगल में उसका क्षत विक्षत शव मिला। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। शव के आसपास बाघिन के पाक मार्क मिले हैं। युवक अपनी बहन के घर पर रहता था। मजदूरी कर वह लौट रहा था। परिजन को दी 5 हजार की आर्थिक सहायता
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक पीके वर्मा ने बताया कि खितौली परिक्षेत्र के जंगल में युवक का शव मिला है। परिक्षेत्र अधिकारी खितौली स्वस्तिक जैन ने बताया कि बाघिन के हमले से युवक की मौत हुई है। टीम जांच कर रही हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने 5 हजार की सहायता राशि दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *