किसान दंपती के खाते से ट्रांसफर किया साढ़े तीन लाख:बैंक से किसान को मिला नोटिस तो धोखाधड़ी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा के ग्राम सिलमा निवासी किसान के बैंक खाते से युवक ने तीन साल पहले धोखाधड़ी कर तीन लाख 64 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। यह राशि केसीसी लोन की थी। जब किसान को 6 लाख रुपए जमा करने का नोटिस मिला तो ठगी का पता चला। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिलमा निवासी किसान होसराम ने अपनी पत्नी धनेश्वरी के नाम पर वर्ष 2023 में एचडीएफसी बैंक शाखा अंबिकापुर में ज्वाइंट खाता खुलवाया था। खाता खुलवाने में ग्राम सिलमा निवासी लालचंद उर्फ गौतम प्रजापति ने मदद की थी। होसराम एवं धनेश्वरी के ज्वाइंट अकाउंट में केसीसी लोन 464000 रुपए पास किया गया था। किसान ने 6 जून 2023 को 49500 रुपए एवं 17 अगस्त 2023 को 50 हजार रुपए का आहरण किया था। 6 लाख लोन जमा करने का मिला नोटिस
किसान होसराम पैकरा एवं उसकी पत्नी धनेश्वरी को एचडीएफसी बैंक से केसीसी लोन का कुल अमाउंट 6 लाख रुपए जमा करने का नोटिस मिला। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि उनके खाते में रुपए नहीं हैं। किसान ने बताया कि उसने मात्र 99 हजार 500 रुपए का आहरण किया था। जब बैंक से जानकारी ली गई तो पता चला कि उनके संयुक्त खाते से लालचंद प्रजापति के खाते में 3 लाख 64 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। तब उन्हें ठगी का पता चला। एफआईआर दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
किसान होसराम पैकरा के पुत्र हमेंत कुमार पैकरा ने इसकी शिकायत बतौली थाने में दर्ज कराई। बतौली पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी लालचंद प्रजापति के खिलाफ धारा 420 का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी लालचंद प्रजापति (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने छल पूर्वक दस्तावेज में हस्ताक्षर करा लिया था एवं ओटीपी लेकर तीन लाख 64 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया था। बतौली थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *