भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय किसान नेता राकेश टिकैत शनिवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए और सरकार से एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग की। इस अवसर पर भाकियू की जिला इकाई ने उनका पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। जिला अध्यक्ष भगवान सिंह राजपूत और अन्य पदाधिकारियों ने टिकैत से संगठन विस्तार तथा किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। पूरे देश में एमएसपी गारंटी कानून लागू हो महाकाल दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि बाबा महाकाल सभी के लिए आस्था का केंद्र हैं। उन्होंने देश में सुख-शांति और समय पर वर्षा की कामना की। किसानों के मुद्दों पर उन्होंने जोर दिया कि पूरे देश में एमएसपी गारंटी कानून लागू होना चाहिए, ताकि कोई भी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर न बिके। टिकैत ने मध्य प्रदेश की सोयाबीन का उदाहरण देते हुए बताया कि लगभग 12-13 साल पहले के भाव आज भी बने हुए हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि मार्च में कटाई और अप्रैल में खरीदी के बीच के समय में किसान अपनी फसल कम दामों पर बेचने को विवश हो जाते हैं, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।


