लुधियाना| पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के किसान क्लब (लेडीज विंग) द्वारा कौशल विकास केंद्र, विस्तार शिक्षा निदेशालय, पी.ए.यू., लुधियाना में एक दिवसीय मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर किसान क्लब (लेडीज विंग) की समन्वयक डॉ. रुपिंदर कौर (सहायक निदेशक) ने बताया कि शिविर में 50 किसान महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने यूनिवर्सिटी के विषय विशेषज्ञों और किसान क्लब के सदस्यों का स्वागत किया और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। शिविर के दौरान कुलदीप कौर ने तिलहन फसलों के महत्व पर प्रकाश डाला और तिल का भुर्गा तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी। वहीं, पी.ए.यू. किसान क्लब (लेडीज विंग) की सदस्य बीबी मनजीत कौर ने पौष्टिक मीठी और नमकीन मटरी बनाने की विधि बताई। उन्होंने अपने एग्री स्टार्टअप के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार अन्य सदस्य भी अपने नवाचारी विचारों को स्टार्टअप में बदलकर ग्रांट-इन-एड प्राप्त कर अपने कृषि व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं। किसान महिलाओं ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया। कंवलजीत कौर ने कौशल विकास केंद्र की गतिविधियों और वहां संचालित विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।


