प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पोर्टल पर कुछ नए परिवर्तन कर रजिस्टर्ड पात्र लाभार्थी किसानों के लिए भूलवश दर्ज अंकित गलत राज्य और योजना के लाभ परित्याग में पुनः सुधार करने की सुविधा शुरू की गई है। केंद्र सरकार ने जारी की SOP पीएम किसान योजना के जिला नोडल एवं प्रभारी अधिकारी मूलचंद लूणिया ने बताया कि योजना के पंजीकृत कुछ पात्र लाभार्थी कृषकों द्वारा पीएम किसान सम्मान योजना पोर्टल पर आवेदन करते समय भूलवश राज्य गलत अंकित कर दिया गया था। इससे अन्य राज्यों द्वारा अपात्र मार्क करने पर इन काश्तकारों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। इसमें सुधार के लिए केंद्र सरकार ने राज्य परिवर्तन के लिए एसओपी जारी की है। चेंज रिक्वेस्ट पोर्टल पर डालनी होगी इसके तहत पीएम किसान पोर्टल के विकल्प फार्मर कॉर्नर पर स्टेट चेंज रिक्वेस्ट के माध्यम से राज्य परिवर्तन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। पोर्टल पर किसान स्वयं के स्तर से अपनी सभी सूचनाओं सहित जानकारी दर्ज करेगा। इसके बाद किसान के आवेदन की रिक्वेस्ट सम्बंधित तहसील एवं जिला स्तर से सत्यापन के उपरांत राज्य स्तर से केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। राज्य के नाम में सुधार कर सकेंगे प्रभारी अधिकारी ने बताया कि जिले के कुछ पात्र लाभार्थी किसानों ने पीएम किसान सम्मान योजना पोर्टल पर गलती से योजना के लाभ का परित्याग कर दिया था, जिससे उन्हें पात्र होते हुए भी योजना के लाभ से वंचित कर दिया गया था। इस क्रम में केंद्र सरकार ने लाभ का परित्याग के निरसन के लिए एसओपी जारी की है। इसके तहत पीएम किसान पोर्टल के विकल्प फॉर्मर पोर्टल पर सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर किसान कृषक स्वयं के स्तर से अपनी सभी सूचनाओं सहित जानकारी दर्ज कर सबमिट कर सकता है। इसके बाद किसान की यह रिक्वेस्ट संबंधित तहसील एवं जिला स्तर से सत्यापन के बाद राज्य स्तर से केन्द्र सरकार को अप्रूव के लिए भेजी जा सकेगी।


