राजस्थान में खेतों में काम कर रही और अकेली घर जा रही बुजुर्ग महिलाओं के लूट और हत्या के सालभर में 4 मामले सामने आए हैं। ये चारों मामले सवाई माधोपुर के हैं। लुटेरों ने सोने-चांदी के जेवरात के लिए बुजुर्ग महिलाओं के गले काट डाले, पैरों में पहने चांदी के कड़े नहीं निकले तो हथियार से पैरों के पंजे ही काट डाले। पंजों को कुंड में फेंक दिया। एक मामले में तो बुजुर्ग महिला घिसटते हुए आम रास्ते तक पहुंची, इससे उसकी जान बच पाई। इन मामलों को लेकर बामनवास विधायक इंदिरा मीणा धरने पर हैं, उनके साथ ग्रामीण भी इकठ्ठा हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। मांग है कि जल्द से जल्द इन मामलों के खुलासे किए जाएं। विधायक ने इन अपराधों का आरोप तत्कालीन एसपी ममता गुप्ता पर लगाया। उन्होंने कहा- एसपी का कार्यकाल दुर्भाग्यपूर्ण था। ऐसी एसपी को नॉन फील्ड कर देना चाहिए। सवाई माधोपुर एसपी अनिल कुमार ने बताया- सूरवाल और गंगापुर सिटी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि 2 मामलों में अभी जांच जारी है। दैनिक भास्कर में पढ़िए बुजुर्गों के साथ हुई 4 वारदात की पूरी कहानी गला काटा, पंजे काट ले गए ढाई किलो चांदी के कड़े 3 फरवरी 2026 को बौंली थाना क्षेत्र के कोड्याई गांव निवासी कमला देवी पत्नी रामनिवास मीणा जंगलों में बकरियां चराने गई थी। उसने पैरों में चांदी के कड़े समेत कई सोने-चांदी के गहने पहने हुए थे। इन गहनों की कीमत करीब 8 लाख थी। लुटेरों ने पहले कमला देवी का गला काटा, इसके बाद उनके पैरों के पंजे काटकर कड़े निकाल लिए। मामले को लेकर बामनवास विधायक ने रातभर धरना दिया है। इस मामले को लेकर अभी भी प्रदर्शन जारी है। डेड बॉडी से 50 फीट दूर मिले थे पंजे 13 मार्च 2025 को सवाई माधोपुर के सूरवाल थाना क्षेत्र जटवाड़ा गांव में बुजुर्ग महिला रामपति (60) पत्नी कैलाश सुबह घर से खेत पर चारा लेने गई थी। जब वो शाम तक नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी बहुत तलाश की। दोपहर 12:30 बजे ग्रामीणों ने महिला को खेतों में पड़े देखा। रामपति का गला कटा हुआ था और गले में पहने हुए सोने के जेवरात गायब थे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी और परिजनों ने पुलिस बुलाई। मामले में पुलिस ने आसिफ (18) पुत्र इकबाल निवासी कश्यपपुरी गढ़ी पुख्ता जिला शामली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। डेढ़ किलो चांदी के कड़े ले गए थे। पानी के कुंड में मिले थे पैरों के पंजे 20 अप्रैल 2025 को बामनवास उपखंड के जाहिरा गांव में उर्मिला देवी (50) पत्नी मौसरिया मीणा रविवार सुबह 7 बजे जंगल में लकड़ियां लेने गई थीं। करीब 4 घंटे बाद सुबह 11 बजे तक भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य उन्हें खोजने के लिए निकले। ढूंढते-ढूंढते जब वे घर से 2 किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचे, तो उन्हें महिला का शव पड़ा मिला। उर्मिला देवी की भी गला काटकर हत्या की गई थी। उनके पैरों के पंजे गायब थे और डेढ़ किलो वजनी चांदी कड़े भी नहीं थे। इस मामले में भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। 9 अक्टूबर 2025 को गंगापुर सिटी में कमला देवी पत्नी मूलचंद रैगर बामनवास के सीत्तौड़ा गांव निवासी महिला के पैर के पंजे काटकर बदमाश चांदी के कड़े ले गए। घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। होश आने पर झाड़ियों से रेंगते हुए रास्ते में आई और मदद मांगी। महिला को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। 5 अक्टूबर को पिपलाई कस्बे में एक व्यक्ति उससे मिला था। उसने बताया कि उसके कई जगह पर निर्माण कार्य चल रहे हैं और मजदूरों की आवश्यकता है। भरोसा दिलाते हुए उसने कमला देवी से मोबाइल नंबर लिया। 8 अक्टूबर को महिला को कॉल कर गंगापुर सिटी मजदूरी करने बुला लिया। कमला देवी अपनी बहू सीमा और पड़ोसी उगती के साथ मजदूरी के लिए 8 अक्टूबर की सुबह गंगापुर सिटी पहुंची। वहां कॉल करने पर वही व्यक्ति बाइक से बाईपास तिराहा आया। जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। कमला देवी का जयपुर के एसमएस में इलाज जारी है। विधायक बोलीं- एसपी की कमी से ऐसा अपराध बढ़ा विधायक इंद्रा मीणा ने कहा- मैंने विधानसभा में भी इस बारे में अवगत करवाया है। मेरे विधानसभा इलाके में 3 घटनाएं हुई है। सरकार की तरफ से हमारी जनता को कोई राहत नहीं है। सरकार के पास बहुत संसाधन हैं। उनसे आरोपियों का पता लगाया जा सकता हैं। हम रात से धरने पर हैं। पहले यहां जो एसपी थीं उनका कार्यकाल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हुआ। उन्हीं की कमी से ये सब अपराध बढे़ हैं। ऐसी एसपी को नॉन फील्ड कर देना चाहिए। उन्होंने कहा- लोग वर्तमान एसपी से खुश तो हैं, लेकिन कहते हैं भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। पढ़ें ये खबर भी… महिला के पैर काटकर 2.5 किलो चांदी के कड़े लूटे:गला रेतकर हत्या की, घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगाया महिला का गला रेता,पैर काटकर चांदी के कड़े ले गए:कुंड में फेंके दोनों पैर; गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम


