मकर संक्रांति के अवसर पर लटेरी में एक बड़ा हादसा टल गया। बड़ी मंदागन कुंड में स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोरी गहरे पानी में डूबने लगी। मौके पर तैनात होमगार्ड की तैराक टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, मुरवास थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव निवासी पूजा अहिरवार मकर संक्रांति के अवसर पर बड़ी मंदागन कुंड में स्नान करने पहुंची थी। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बच्ची को डूबता देख कुंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जवानों ने किशोरी को सुरक्षित निकाला सूचना मिलते ही वहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात लटेरी होमगार्ड तैराक टीम के जवान तुरंत सक्रिय हुए। जवानों ने बिना देर किए कुंड में छलांग लगाई और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव के बाद पूजा को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। चिकित्सकीय जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई, जिसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। होमगार्ड कमांडेंट मयंक जैन ने बताया कि पर्व के मद्देनज़र कुंडों और अन्य जल स्रोतों पर सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी, जिससे समय रहते बच्ची की जान बचाई जा सकी। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्वों के दौरान नदी, कुंड और तालाबों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें।


