कुंभ-कल्प की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा

भास्कर न्यूज | राजिम
राजिम कुंभ मेला का आयोजन माघ पूर्णिमा 1 फरवरी से महाशिवरात्रि 15 फरवरी तक किया जा रहा है। 15 दिनों तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्य के इस सबसे बड़े पारंपरिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मुख्य मंच लगभग तैयार है। इसी मुख्य मंच पर देशभर के ख्याति-प्राप्त कलाकारों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। राजिम स्थित पवित्र त्रिवेणी संगम में आयोजित इस महाकुंभ में साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति द्वारा सर्व समाज के सहयोग से लगातार पांचवें वर्ष निशुल्क भोग भंडारा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राजिम विधायक रोहित साहू एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। भोगभंडारा के लिए सर्वसुविधायुक्त विशाल डोम तैयार किया गया है। भोग भंडारा स्थल का निरीक्षण जिला कलेक्टर गरियाबंद भगवान दास उईके पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू से भोग भंडारा स्थल की तैयारी संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा कुंभ कल्प मेले का एकमात्र ऐसा स्थल है, जहां देश-प्रदेश से आए श्रद्धालु भक्तों को प्रेमपूर्वक, भरपेट एवं स्वादिष्ट भोजन कराया जाता है। इस सेवा कार्य की श्रद्धालु खुले दिल से प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन एवं सर्व समाज एवं साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।इस पुनीत आयोजन में सर्व समाज का सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। विधायक रोहित साहू की अनुशंसा पर जिला प्रशासन द्वारा भंडारा के लिए सर्वसुविधायुक्त विशाल डोम उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यह सेवा कार्य और भी व्यवस्थित एवं भव्य रूप ले सके। राजिम कुंभ मेला न केवल आस्था का संगम बनेगा, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *