चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के त्रिलोकपुरा गांव में सोमवार शाम को एक युवक कुएं में पानी पीते समय पैर फिसलने से गिर गया। कुएं में पानी ज्यादा होने के कारण देर रात को उसका शव ग्रामीणों ने बाहर निकाला। जिसके बाद मंगलवार सुबह चौथ का बरवाड़ा CHC में शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है। भगवतगढ़ चौकी पुलिस पोस्टमार्टम के लिए चौथ का बरवाड़ा CHC पर पहुंची है और कागजी कार्रवाई पूरी की गई। घटना के चलते पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है। पुलिस एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार देवनारायण (35) पुत्र माधव लाल गुर्जर निवासी त्रिलोकपुरा तहसील भगवतगढ़ सोमवार शाम को अपने खेत पर बाजरे की फसल काट रहा था। इसी दौरान उसे प्यास लगने के चलते वह खेत पर बने कुएं पर चला गया। जब उसने बाल्टी से पानी कुएं से खींचा तो उसका पैर फिसल गया। जिसके चलते वह कुएं में गिर गया। युवक तैरना नहीं जानता था। मौके पर पहुंचे आसपास के लोग पानी ज्यादा होने के कारण वह भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। बाद में ग्रामीणों ने कुएं में रस्सी एवं अन्य देसी जुगाड़ से उसे बाहर निकलने का प्रयास किया। इस दौरान सवाई माधोपुर से सिविल डिफेंस की टीम भी बुला ली गई, लेकिन उनके पहुंचने से कुछ देर पहले ही ग्रामीणों ने देसी जुगाड़ लगाकर शव को रात करीब 8:00 बजे बाहर निकाल लिया। बाद में पुलिस की सहायता से शव को चौथ का बरवाड़ा CHC में लाया गया। जहां पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


