कुएं से निकाले गए भालू ने महिला पर किया हमला:कोटा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती,वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का आक्रोश

बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र के करौंदी गांव के पास धनेश्वर इलाके में भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान मतीया बाई (40) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में कोटा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी हैं। घायल महिला के भाई भवर लाल ने बताया कि गांव के ही एक कुएं में भालू गिर गया था। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन की मदद से भालू को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। क्रेन के जरिए कुएं के अंदर एक चारपाई उतारी गई, जिसे भालू ने पकड़ लिया और धीरे-धीरे बाहर निकल आया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। कुएं से बाहर निकलते ही भालू जंगल की ओर भागने लगा। इसी दौरान खेत में मौजूद मतीया बाई अचानक भालू के सामने आ गई। भालू ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के बाद ग्रामीणों ने तुरंत महिला को प्राथमिक सहायता दी और परिजन उसे इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि इलाके में पहले भी भालू की मौजूदगी को लेकर वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि भालू को पहले ही ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया होता तो यह हादसा टल सकता था। परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीण वन विभाग से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *