तेजाजी नगर पुलिस ने बदमाशों की ऐसी गैंग को पकड़ा है, जिसने गश्त कर रही महू पुलिस की बंदूक ही लूट ली थी। इस गैंग के बदमाश तेजाजी नगर, राजेंद्र नगर, बड़गोंदा के अलावा तीन-चार राज्यों भी चोरियां कर चुके हैं। पुलिस ने धार-आलीराजपुर के जंगलों में दबिश देकर इनके पास से 68 लाख रुपए कीमत के जेवर जब्त किए हैं। इनमें 450 ग्राम सोना और ढाई किलो चांदी है। जोन-1 डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पकड़ाए बदमाश आकेश उर्फ आकाश (20) निवासी बड़ी कदवाल आलीराजपुर पर 7 गंभीर अपराध दर्ज हैं। वहीं शेरू पिता हीरू वसुनिया (20) निवासी ग्राम गुराडिया धार पर 6 केस दर्ज हैं। तीसरा बदमाश पंकेश पिता भांगु मंडलोई (20) निवासी ग्राम झाई धार है। ये दिन में रैकी करते और रात में पेचकस, कटर जैसे औजारों से ताले तोड़कर चोरियां करते थे। आरोपियों ने तेजाजी नगर में तीन महीने पहले चोरी की थी, तभी से उनकी तलाश की जा रही थी। 2 साल पहले बाणगंगा में हुई डकैती कांड के आरोपी सोमला गैंग से भी आरोपियों का संपर्क था। बड़गोंदा पुलिस की बंदूक लूटी थी। डीसीपी ने बताया कि बदमाश आकेश सन् 2022 में गश्त कर रही बड़गोंदा पुलिस से बंदूक छीनकर भाग गया था। तब से वह फरार था। वह हमेशा देशी कट्टा साथ रखता था। आकेश के पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। डीसीपी ने बताया कि हमें आरोपियों के घरों का पता चल गया था, लेकिन वे बचने के लिए रात मे पहाड़ियों और पास के जंगलों में सोते थे। बदमाशों ने कैमरे भी लगा रखे हैं। जैसे ही कोई संदिग्ध दिखता वे भाग जाते थे। इसलिए हमारी टीम लगातार सादी वर्दी में कई किलोमीटर तक पैदल घूमती रही। गैंग के पकड़ाने के दौरान दो दिन पहले तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम का भी बाग-टांडा गैंग से सामना हो चुका है। मंगलवार को गश्त के दौरान रालामंडल की आखिरी कॉलोनी शिखरजी में उन्हें दो बदमाश दिखे थे। उन्होंने 4-5 पुलिस जीपें बुलवाई थीं, लेकिन वे हाथ नहीं आए।


