कुचामन में हेरोइन (चिट्ठा) की तस्करी में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 40.05 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने मेगा हाईवे पर स्थित पंजाबी ढाबे पर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। सब इंस्पेक्टर शिव सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस को सूचना मिली कि ढाबे पर एक युवक मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम मेगा हाईवे पर स्थित पंजाबी ढाबे पर पहुंची। जहां आरोपी अमृतपाल सिंह (25) निवासी रामपुरा गुजरा, संगरूर पंजाब संदिग्ध लगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और उसकी तलाशी ली। जिसमें आरोपी के पास से 40.05 ग्राम हेरोइन (चिट्ठा) बरामद हुआ। जिस पर अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


