भास्कर न्यूज | बगोदर नाइजर में आठ महीने से अपहृत गिरिडीह के बगोदर प्रखंड के पांच प्रवासी मजदूरों को सकुशल रिहा कर दिया गया है। इस बड़ी सफलता की आधिकारिक पुष्टि गिरिडीह के लेबर सुप्रिटेंडेंट प्रवीण कुमार ने की। रिहाई की खबर मिलते ही उनके परिजनों सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर है। लेबर सुप्रिटेंडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। फिलहाल उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया चल रही है और संभावना है कि अगले तीन-चार दिनों में सभी मजदूर अपने घर लौट आएंगे। बगोदर प्रखंड के दोंदलो गांव के फलजीत महतो, राजू महतो, संजय महतो, चंद्रिका महतो और मुंडरो गांव के उत्तम महतो नाइजर में टावर लाइन से जुड़ी एक कंपनी में कार्यरत थे, जहां से आठ माह पूर्व उनका अपहरण कर लिया गया था। मजदूरों की रिहाई और सुरक्षित स्वदेश वापसी का मामला लोकसभा और झारखंड विधानसभा तक पहुंचा था। बिहार के भाकपा माले सांसद सुदामा प्रसाद, बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो और निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया। वहीं, स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने केंद्रीय विदेश मंत्री को पत्र लिखकर मजदूरों की रिहाई और वतन वापसी की मांग की थी। लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद मजदूरों की सकुशल रिहाई से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। अब सभी की निगाहें उनके सुरक्षित घर लौटने पर टिकी हैं।


