कुडगांव पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी जयपुर की डीएसटी टीम का सदस्य बनकर वारदात को अंजाम देते थे। थानाधिकारी मंजू ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिलखुश मीना और महेंद्र मीना के रूप में हुई है। इन दोनों ने खुद को जयपुर डीएसटी टीम का सदस्य बताकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया था। यह घटना 2 जनवरी को हुई थी, जब आरोपियों ने गौरव बैरवा और नीलेश बैरवा का अपहरण कर लिया था। पुलिस को सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए उसी दिन दोनों अपहृत युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इसके बाद से ही आरोपियों की तलाश जारी थी। पुलिस टीम ने गहन छानबीन के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर अपहरण में इस्तेमाल किया गया बोलेरो वाहन बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त अपहृत युवकों से छीने गए दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा फिरौती के रूप में ली गई 65 हजार रुपए की राशि की बरामदगी के लिए भी अनुसंधान जारी है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


