भास्कर न्यूज | जशपुरनगर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कुनकुरी में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय ने किया। जय स्तंभ चौक से प्रारंभ हुई इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, व्यापारी संगठन, स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजक अमित अग्रवाल और सुनील अग्रवाल थे। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे कुनकुरी नगर में देशभक्ति का उत्साह देखा गया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगा झंडा की जय के नारों के साथ रैली में हिस्सा लिया। इस अवसर पर कौशल्या देवी साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन हो रहा है, जो देश की एकता और अखंडता को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा न केवल देशप्रेम की भावना को उजागर करती है, बल्कि यह बताती है कि हम सभी मिलकर अपने देश और समाज के लिए मिलजुल कर कार्य कर सकते हैं। 1100 फीट लंबे तिरंगे के साथ नगर भ्रमण किया यह यात्रा पूरे नगर के लिए प्रेरणास्रोत बन गई। तिरंगा यात्रा में “मां तुझे प्रणाम” की भावना के साथ छात्र-छात्राएं, विभिन्न सामाजिक संगठन और व्यापारी वर्ग के लोग पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। राजकुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि कुनकुरी नगर में वर्ष 2022 से यह तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। इस वर्ष यात्रा में 1100 फीट लंबे तिरंगे के साथ नगर भ्रमण किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। आयोजन में शामिल सभी लोगों ने यह संदेश दिया कि जब देश की बात आती है, तो हर वर्ग एकजुट होकर अपने राष्ट्र के लिए खड़ा होता है।


