दमोह जिले की हटा विधानसभा क्षेत्र के कुम्हारी जिला पंचायत सदस्य उपचुनाव की मतगणना गुरुवार को संपन्न हो गई। इसमें साहिल सिंह लोधी ने 1102 वोटों से जीत हासिल की। हालांकि, चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा 5 जनवरी को की जाएगी। यह उपचुनाव 29 दिसंबर को हुआ था, जिसमें कुल 15 प्रत्याशी मैदान में थे। मुख्य मुकाबला साहिल सिंह लोधी और भरत पटेल के बीच रहा। आठ राउंड में हुई मतगणना में साहिल सिंह को 6026 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भरत पटेल को 4924 मत प्राप्त हुए। साहिल सिंह ने 1102 वोटों के अंतर से यह उपचुनाव जीता। मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जीत के बाद, मतगणना स्थल के बाहर साहिल सिंह लोधी के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। यह मध्य प्रदेश का पहला पेपरलेस चुनाव था, जो 77 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव कराना बड़ी चुनौती जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि यह चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम और हटा एसडीएम राकेश मरकाम के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के कारण चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो पाया।


