मंगलवार को कुरवाई नगर परिषद के कर्मचारी इकट्टे होकर जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने कलेक्टर को अपनी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा । कुरवाई नगर परिषद के कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा हैं। उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है और उन्हें अपना जीवन यापन करने में बहुत मुश्किल हो रही है। उन्होंने सरकार से इस समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। कर्मचारियों ने जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। काम बंद हड़ताल पर जाने की चेतावनी
कर्मचारी संदीप वाल्मीकि ने बताया कि कुरवाई नगर परिषद के कर्मचारियों को पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिला है और ना ही दैनिक वेतन भोगियों का पीएफ काटा जा रहा है। बिना वेतन हमारे घर की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई है, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को फीस के नाम पर शिक्षक परेशान कर रहे हैं और भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज हमने हमारी समस्या को लेकर ज्ञापन दिया है। अगर हमारी समस्या का समाधान नहीं होता है तो दो जनवरी में नगर परिषद के सारे कर्मचारी काम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे। कुरवाई नगर परिषद के सब इंजीनियर का कहना है कि साफ छवि के लेखापाल और सीएमओ की नियुक्ति की जानी चाहिए ताकि वे परिषद की आर्थिक स्थिति को सुधार सकें।


