कुरुक्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक नशा तस्कर और उसके दो साथियों को 25 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजा की कीमत 4 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी तस्कर हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पकडे़ गए आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ राजू निवासी राजपुरा जिला पटियाला, पवन निवासी बलदेव नगर अंबाला और कर्ण उर्फ गोल्डी निवासी डेहा कॉलोनी अंबाला कैंट के रुप में हुई है। उनके कब्जे से 25 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी राजकुमार पर NDPS एक्ट के तहत 2 केस दर्ज हैं। राजकुमार अपने 2 साथी पवन व गोल्डी के साथ अपनी कार में गांजा सप्लाई करने के लिए कुरुक्षेत्र आया था। एक सूचना के आधार पर ANC की टीम ने उन्हें रतनपुरा-सिरसला रोड पर नाकाबंदी करके कार समेत काबू कर लिया। सप्लायर भी चढ़ा हत्थे ANC के इंचार्ज सुरेंद्र पाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि मुकदर निवासी डेहा कॉलोनी, अंबाला कैंट ने उनको गांजा सप्लाई करने को दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर टीम ने गांजा सप्लाई करने के आरोपी मुकदर को भी दबोच लिया गया। 2 आरोपी रिमांड पर सुरेंद्र पाल ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी कर्ण और पवन को जेल भेज दिया गया, जबकि राजकुमार को 4 दिन और मुकदर को 9 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस गांजा सप्लाई के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जाती है।


