हरियाणा के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) कुरुक्षेत्र के स्टूडेंट की दौरा पड़ने से मौत हो गई। आज पुलिस ने स्टूडेंट के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। कल दोपहर को खाना खाने के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई थी। मृतक की पहचान कुंदन कुमार 21 निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। कुंदन NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक 2nd ईयर का छात्र था, जो इंडस्ट्रीयल इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IIOT) का कोर्स कर रहा था। कुंदन 3 बहनों का इकलौता भाई था। कुंदन के पिता जीवन सिंह खेती-बाड़ी करते हैं। दोस्तों के साथ बैठा था कुंदन कल रविवार को NIT कुरुक्षेत्र में दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, हरियाणा के गवर्नर प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम के बाद कुंदन अपने 2 दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। खाना-खाते समय पड़ा दौरा दोपहर करीब 2 बजे कुंदन खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके सिर में अचानक तेज दर्द होने लगा। कुंदन ने अपना सिर डेस्क पर रख लिया और उसका शरीर अकड़ने लगा। उसके साथी उसे तुरंत NIT के हेल्थ सेंटर ले गए। यहां जांच से डॉक्टरों को लगा कि कुंदन को मिग्री का दौरा पड़ गया। LNJP अस्पताल ले गए डॉक्टरों ने उसे LNJP अस्पताल भेज दिया। उसके साथी उसे NIT की एम्बुलेंस से LNJP अस्पताल ले गए, जहां से उसकी तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। उसके दोस्त उसे निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने कुंदन को मृत घोषित कर दिया। देर रात पहुंचे परिजन घटना की सूचना मिलते ही NIT के डायरेक्टर प्रो. बीवी रमाना रेड्डी अस्पताल पहुंचे। कुंदन के दोस्तों ने उसके परिजनों को भी सूचना दी। देर रात कुंदन के परिजन इंदौर से कुरुक्षेत्र आ गए। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज पुलिस ने कुंदन के पिता के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आज सोमवार को कुंदन के शव के पोस्टमॉर्टम कराया। अचानक मौत होने पर पुलिस विसरा भी जांच के लिए भेजेगी। उधर, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।


