कुरुद में नकटा तालाब के ऊपर चला बुलडोजर:हटाया गया बेजा कब्जा, पार्षद पति तालाब की मेड़ को पाटकर बना रहा रोड

भिलाई नगर निगम के वार्ड 22 में एक तरफ जहां जोन 2 कमिश्नर येशा लहरे राजस्व अधिकारियों के साथ बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई करने पहुंची, वहीं दूसरी तरफ यहां की पार्षद के पति द्वारा शीतला तालाब को पाटकर उसकी मेड़ को चौड़ाकर सड़क बनाने का काम किया जा रहा है। नगर निगम की टीम ने कुरुद ढांचा भवन के पास बने नकटा तालाब के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटाने शनिवार को बुलडोजर चलावाया। निगम की जोन कमिश्नर येशा लहरे ने बताया कि दो महीने पहले निगम की टीम ने नकटा तालाब की मेड़ पर हुए बेजा कब्जा मकानो को तोड़ा था। निगम ने वैशाली नगर विधायक के कहने पर लोगों को मात्र 75 हजार रुपए जमा करने की शर्त पर प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया था। इसके बाद भी लोग फिर से यहां कब्जा कर रहे थे। उन्होंने दोबारा तालाब के ऊपर मलबा हटाने की मोहलत लेकर झोपड़ी बनानी शुरू कर दी थी। इसकी शिकायत दुर्ग कलेक्टर से की गई थी। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने निगम कमिश्नर को इस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम की टीम कब्जा धारकों को एक सप्ताह का समय देकर चली गई। शनिवार को निगम किमिश्नर राजीव पाण्डेय नकटा तालाब पहुंचे जब उन्होंने देखा की कब्जा नहीं हटा तो उन्होंने जोन कमिश्नर येशा लहरे को कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ ही देर बाद निगम का राजस्व अमला बुलडोजर लेकर यहां पहुंचा और फिर मलबा को हटाकर बेजा कब्जा को तलाब के ऊपर से हटाया गया। इस दौरान जामुल पुलिस भी सहयोग के लिए मौजूद रही। कुरुद के शीतला तालाब में पार्षद पति कर रहा अतिक्रमण भिलाई नगर निगम के वार्ड 22 में पार्षद पति अजय साहू के द्वारा शीतला तालाब में बेजा कब्जा करके तालाब की मेड़ को मुरुम से पाटकर सड़क बनाई जा रही है। इसकी शिकायत जोन 2 कमिश्नर येशा लहरे से भी की गई है, लेकिन उनके निर्देश के बाद भी पार्षद पति अजय साहू सड़क निर्माण लगातार करता जा रहा है। लोगों ने बताया कि तालाब के पीछे अजय साहू की काफी बड़ी जमीन है। वो उस जमीन में जाने और वहां अवैध प्लॉटिंग करने की योजना बना रहा है। इसके चलते उसने शीतला तालाब को पाटकर उसकी मेड़ को चौड़ा कर दिया, जिससे वो रोड इतनी चौड़ी हो जाए कि वहां से ट्रक आना जाना कर सकें। इस बारे में जब पार्षद पति अजय साहू से बात की गई तो उसने सड़क बनाने की बात से इंकार कर दिया, उसने कहा उसे पता नहीं कौन वो सड़क बना रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *