छतरपुर में कुर्मी (पटेल) समाज के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल पर ओबीसी महासभा ने विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने छतरपुर एसपी को ज्ञापन सौंपकर मुरारी पांडे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम मडिया बुजुर्ग निवासी मुरारी पांडे, जो वर्तमान में धर्मश्री कॉलोनी रहली में रहते हैं, इन पर कुर्मी समाज के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने और गालियां देने का आरोप है। मुरारी पांडे के खिलाफ केस दर्ज हो ओबीसी महासभा ने इस घटना को समाज के सम्मान पर हमला बताया है। महासभा ने मांग की है कि मुरारी पांडे के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की जाए। अखिल भारतीय कुर्मी समाज की महिला जिला अध्यक्ष आशा सिंह पटेल ने कहा कि किसी विशेष समाज को अपमानित करना सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। ओबीसी महासभा ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलन का रास्ता अपना सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से उचित और कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की है।


