प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने बृज-नगर विधानसभा क्षेत्र के गांव खखावली में आयोजित विशाल कुश्ती दंगल समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और चरित्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण पद्धति है। मंत्री बेढ़म ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का परिचय लिया और हाथ मिलवाकर विधिवत रूप से दंगल का शुभारंभ किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री ने इस बात की सराहना की कि आधुनिकता के दौर में भी गांवों ने कुश्ती जैसी प्राचीन परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने बताया कि खखावली का यह दंगल सनातन संस्कृति और ग्रामीण जीवन की जीवंतता का प्रमाण है। मंत्री ने कहा कि जब एक युवा खेल के मैदान में उतरता है, तो वह केवल खेलता नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी का मान बढ़ाता है।
मंत्री बेढ़म ने मंच से युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों और राष्ट्र-निर्माण में लगाने का संदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सच्चा खिलाड़ी वही है जो न केवल मैदान में जीत हासिल करे, बल्कि जीवन में भी अनुशासित और सशक्त बने। मंत्री ने यह भी कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। सामाजिक समरसता का प्रतीक मंत्री ने आयोजक समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि दंगल जैसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। खेल की भावना आपसी भाईचारे को बढ़ाती है।
खेल सुविधाओं का विस्तार इस अवसर पर मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल संसाधनों के विस्तार हेतु निरंतर प्रयासरत है, ताकि हमारे ग्रामीण युवा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। ये रहे मौजूद इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, दंगल कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित पहलवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मौजूद रहे।


