कुष्ठ के प्रति समाज में फैली भ्रांतियां दूर करें

भास्कर न्यूज | जामताड़ा उपायुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक शनिवार को आयोजित की गई। जिसमें आगामी स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान और एलसीडीसी द्वितीय चरण की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसके अलावा 20 से 24 जनवरी तक प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेलों की योजना पर भी समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, अस्पतालों में स्वच्छता, आयुष्मान कार्ड वितरण, एमटीसी बेड की ऑक्यूपेंसी, मरीजों की जांच हेतु मशीनों का पूरा इस्तेमाल और ओपीडी, आईपीडी संचालन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने विशेष रूप से कुष्ठ रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग का उपचार संभव है और यह रोग छूने या हाथ मिलाने से नहीं फैलता। कुष्ठ के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान कर उसका सही इलाज किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को द्वितीय चरण के लेप्रोसी केस डिटेक्शन अभियान की तैयारियों के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए। कुष्ठ रोग एक संक्रामक बीमारी है, जो त्वचा और तंत्रिकाओं को प्रभावित करती है। इसका इलाज एमडीटी से किया जाता है, जो निःशुल्क सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध है। इसके शीघ्र उपचार से विकृतियों को रोका जा सकता है। इस अवसर पर जिला कुष्ठ निवारण अधिकारी ने कुष्ठ रोग के लक्षणों और उपचार पर विस्तार से जानकारी दी। । बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुमार प्रजापति, जिला कुष्ठ निवारण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *