भास्कर न्यूज | फाजिल्का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत आज ब्लॉक खुईखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी लेप्रोसी डे बड़े उत्साह और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. रोहित गोयल, सहायक सिविल सर्जन डॉ. अर्पित गुप्ता तथा एसएमओ सीएचसी खुईखेड़ा डॉ. उपिंदर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. उपिंदर सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कुष्ठ रोग एक गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन इसका इलाज पूरी तरह संभव है। अगर समय रहते लक्षणों को पहचाना जाए तो रोगी सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस रोग से पीड़ित व्यक्तियों को समाज से अलग करने की बजाय उनके साथ सहयोग और संवेदना का व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य यह है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांववासियों व लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षणों जैसे कि शरीर पर हल्के रंग के धब्बे, सुन्नपन या नसों में सूजन की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दें। साथ ही बताया कि सरकार की ओर से सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाँच और मल्टी ड्रग थेरेपी दवाइयां पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती हैं। इस अवसर पर स्टाफ को रोग से जुड़ी भ्रांतियों और अंधविश्वासों को त्यागने का संदेश दिया। उपस्थित स्टाफ को शपथ दिलवाई गई कि वे समाज में कुष्ठ रोग से पीड़ित किसी भी व्यक्ति से भेदभाव नहीं करेंगे और उन्हें उपचार दिलवाने के लिए आगे आएँगे। अंत में डॉ. उपिंदर सिंह ने सभी को रक्तदान दिवस की तरह हर सामाजिक मुहिम में सहयोग देने वाले लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि जब तक समाज एकजुट होकर इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ता, तब तक इसे पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं होगा। इस मौके ब्लाक मास मीडिया प्रभारी सुशील कुमार, हेल्थ सपुरवाईजर लखविंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, राजीव जसूजा सहित समूह हेल्थ स्टाफ उपस्थित रहा।


