कुसमी थाना परिसर में पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। इसमें थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी सहित सभी पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। यह पूजा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर पंडित द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच शस्त्रों की पूजा संपन्न हुई। पूजा के दौरान विशेष रूप से बंदूक, राइफल और गन जैसे शस्त्रों की आराधना की गई। मां दुर्गा का आह्वान कर नकारात्मक शक्तियों से सुरक्षा और समाज में शांति स्थापित करने की कामना की गई। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि यह पूजा हर साल नियमित रूप से की जाती है, जिसमें सभी पुलिसकर्मी एकजुट होकर शस्त्रों की सफाई और पूजा करते हैं। इस आयोजन के साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई भी की गई। परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के साथ-साथ शस्त्रों की शुद्धता भी सुनिश्चित की गई, ताकि वे अपना कार्य सही तरीके से कर सकें। इस अवसर पर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी के साथ सहायक उप निरीक्षक नंद प्रकाश सिंह, प्रधान आरक्षक हृदय लाल पनिका, चूड़ामणि सिंह, कमलेश प्रजापति, आरक्षक दिनेश सिंह, दिनकर दुबे, दयाराम प्रजापति, अभिषेक यादव, और सैनिक इंद्रपाल सिंह, धर्मजीत सिंह, इंद्राज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।


