भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सीएम विष्णुदेव साय ने होली पर्व से पहले किसानों को बड़ी आर्थिक सौगात दी है। शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत जिले के 41 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 245 करोड़ रुपए से अधिक की आदान सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की गई। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के मंत्रणा सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के बिल्हा से वर्चुअली जुड़े। जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और कलेक्टर रोहित व्यास की उपस्थिति में प्रगतिशील किसानों को आदान सहायता राशि के प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्य सरकार ने अपने चुनावी संकल्प को दोहराते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने की प्रतिबद्धता पूरी की है। समर्थन मूल्य और तय दर के बीच की अंतर राशि को कृषक उन्नति योजना के माध्यम से समायोजित कर सीधे किसानों के खातों में भेजा गया। नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने इसे किसान हित में ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि एकमुश्त राशि मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने इसे जिले के लिए होली का सबसे बड़ा उपहार बताया। कार्यक्रम के दौरान कृषक जगदीश राम, बलदेव सिंह, अजय भगत, बिफे राम, फलिंदर सिंह और शिशिर सिंह परमार को मंच पर आदान सहायता राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, जनप्रतिनिधि नरेश नंदे, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


