भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में कृषि तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि क्रांति अभियान के तहत 8 मार्च से 10 मार्च तक तीन दिवसीय कृषि क्रांति एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। कुनकुरी स्थित कृषि कॉलेज में होने वाले इस मेले में उन्नत कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्रगतिशील किसानों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण उन्नत कृषि तकनीक पर आधारित कार्यशालाएं होंगी। कृषि वैज्ञानिक किसानों को कम लागत में अधिक लाभ वाली खेती के तरीके समझाएंगे। आधुनिक मशीनों और खेती के नए तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसान सीधे तकनीक को देख और समझ सकें। एक्सपो के दौरान विभिन्न श्रेणियों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रशासन ने इसके लिए 1 मार्च तक आवेदन मंगाए हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिले के उत्कृष्ट किसानों का चयन होगा। पारंपरिक बीज संरक्षण, दुर्लभ और पारंपरिक किस्मों का संवर्धन, श्रेष्ठ बीज उत्पादन, नाला पुनर्जीवन, सामुदायिक सहभागिता से सिंचाई क्षेत्र का विस्तार, डेयरी में वैज्ञानिक पशुपालन और दुग्ध उत्पादन, मछली पालन और पशुपालन में तालाब प्रबंधन तथा टीकाकरण, बागवानी और पुष्प उत्पादन में उच्च मूल्य वाली फसलें और सालभर सब्जी उत्पादन मॉडल, मधुमक्खी पालन में वैज्ञानिक पद्धति से शहद उत्पादन जैसी श्रेणियों में किसानों का मूल्यांकन किया जाएगा। इच्छुक किसान अपने आवेदन ऑनलाइन व्हाट्सऐप के माध्यम से या अपने विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। विजेताओं की घोषणा 8 मार्च को एक्सपो के उद्घाटन सत्र में की जाएगी। कृषि विभाग का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को बाजार से जोड़ना और उन्हें पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर तकनीकी खेती की ओर प्रेरित करना है।


