कृषि महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन

ग्राम धोन्धा में बहुप्रतीक्षित कृषि महाविद्यालय भवन का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम व विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मंच साझा करते नजर आए। कृषि महाविद्यालय भवन का निर्माण 889.53 लाख रुपए और बालक व कन्या छात्रावास भवन का निर्माण 602.10 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ संपन्न भूमिपूजन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैकरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया आयम, ग्राम पंचायत धौन्धा की सरपंच सुसन्ना देवी सहित बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण मौजूद रहे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के कृषि भविष्य की मजबूत नींव है। महाविद्यालय में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज उत्पादन, जैव प्रौद्योगिकी, उद्यानिकी, पशुपालन व ग्रामीण प्रबंधन जैसे विषयों में उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे युवाओं को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने इसे क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष का परिणाम बताते हुए कहा कि आदिवासी और ग्रामीण अंचल में उच्च कृषि शिक्षा संस्थान की स्थापना से किसानों और विद्यार्थियों का भविष्य संवर जाएगा। जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैंकरा ने कहा कि यह महाविद्यालय अनुसंधान, प्रशिक्षण और नवाचार का केंद्र बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *