झालावाड़ के राजकीय महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ ने कृषि में महिलाओं की भूमिका, उद्यमिता विकास और विधिक जागरूकता पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस व्याख्यान कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रिसिंपल डॉ. राम कल्याण मीणा ने की। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक (प्रसार शिक्षा) डॉ. मोहम्मद यूनुस और राजकीय विधि महाविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. ममता चावला कार्यक्रम के मुख्य मेहमान थे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. ओमप्रकाश बैरवा की सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद महिला प्रकोष्ठ संयोजिका डॉ. अलका बागला ने अतिथियों का स्वागत किया और महिला नीति पर अपने विचार रखे। डॉ. मोहम्मद यूनुस ने ‘कृषि में महिलाओं की भूमिका एवं उद्यमिता विकास’ विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कृषि उत्पाद दैनिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कृषि प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन प्रक्रियाओं ने महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। डॉ. यूनुस ने यह भी कहा कि भारत में भविष्य में ‘रेडी टू ईट’ उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को कृषि को उद्योग बनाने में सहायक बताया और कहा कि छोटे कृषि उत्पाद तैयार करके महिलाएं अपनी सामाजिक स्थिति में सुधार कर रही हैं। व्याख्यान के दूसरे चरण में डॉ. ममता चावला ने विधिक जागरूकता और महिला अधिकारिता पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने दहेज प्रथा और समाज में महिलाओं की स्थिति पर जानकारी दी, साथ ही विद्यार्थियों को कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसे अपराधों से संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में बताया। डॉ. चावला ने न्याय विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक आचार्य सोनू खण्डेलवाल ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर जी.के. मालवीया, डॉ. हमीद अहमद, डॉ. ओमप्रकाश बैरवा, डॉ. अजुर्मन्द कुरैशी, डॉ. अशोक कंवर शेखावत, डॉ. रामकिशन माली, डॉ. सुमन खीचीं, डॉ. रेणू मीणा, डॉ. हर्षा जायसवाल, प्रियंका गर्ग, नरेन्द्र पूनिया, कान्हाराम, मुकेश कुमार मीणा, और महिला प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. प्रमिला शर्मा व मनीषा मीना सहित कई वरिष्ठ संकाय सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक आचार्य अर्चना मीना ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। कृषि छात्रों ने नवाचार और जैविक खेती के तरीकों की जानकारी ली झालावाड़ जिले के रायपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक कॉलेज के कृषि विषय के छात्रों ने झाला कृषि फार्म हाउस का दौरा किया। इस दौरान उन्हें कृषि से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रिंसिपल कमल सिंह सिसोदिया और कृषि प्रोफेसर ने छात्रों को डावल गांव स्थित झाला कल्याण कृषि फार्म में दौरा कराया। यहां प्रगतिशील किसान राजेंद्र सिंह झाला ने अपने फार्म हाउस पर किए गए विभिन्न कृषि नवाचारों के बारे में बताया। छात्रों को खेती से संबंधित व्यावहारिक और प्रायोगिक ज्ञान दिया गया। उन्हें विशेष रूप से वर्मी कंपोस्ट, मशरूम फार्मिंग और जैविक खेती के तरीकों से अवगत कराया गया। इस विजिट में 25-30 कृषि विषय से जुड़े छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इसी क्रम में, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल डूंगरगांव में साइबर क्राइम विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। असनावर पुलिस स्टेशन से हेड कॉन्स्टेबल हुकुमचंद मीणा, राजकुमार, हेड कॉन्स्टेबल सियाराम और कॉन्स्टेबल भरत मीणा ने छात्रों को साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने छात्रों को साइबर क्राइम के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से समझाया। इस अवसर पर संस्था प्रधान स्मृति मालवीय और समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा। छात्र-छात्राओं ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से साइबर क्राइम और इससे जुड़े अपराधों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्हें यह जानकारी मिलने पर उत्साह दिखा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी राजेश मीणा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


