धनबाद स्थित केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और 5 नंबर सहित कई इलाकों में तेज दुर्गंध फैलने के बाद गैस रिसाव की सूचना से हड़कंप मच गया। लगभग एक हजार की आबादी वाले इन क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर एक जांच टीम ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। टीम में बीसीसीएल के सेफ्टी ऑफिसर, केंदुआडीह थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी गैस डिटेक्टर मशीन के साथ पहुंचे। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया गया कि थाना के पास स्थित जीएम गेस्ट हाउस के झाड़ियों के आसपास से गैस निकल रही है। हालांकि, गैस का प्रकार और रिसाव का सटीक स्रोत अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। गैस का प्रतिशत अभी पता नहीं चल पाया एरिया सेफ्टी ऑफिसर कुसुंडा तुषार कांत ने बताया कि क्षेत्र के आसपास गैस होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि गैस का प्रतिशत अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन दुर्गंध काफी ज्यादा है। अधिकारी इस मामले को उच्च स्तर पर रिपोर्ट कर रहे हैं और रिसाव बंद करने की तैयारी की जा रही है। बीसीसीएल एजेंट लखन लाल बरनवाल ने जानकारी दी कि गैस की लोकेशन की पहचान का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्रोत मिलेगा, उसे भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा। डिटेक्टर मशीन से जांच लगातार चल रही है। गैस के प्रभाव से तोता भी मर गया: स्थानीय निवासी स्थानीय लोगों ने सिरदर्द, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं की शिकायत की है। कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। स्थानीय निवासी टिंकू अंसारी ने बताया कि इलाके में कई लोग अचानक बीमार हो गए हैं। वहीं, एक अन्य निवासी रामकिशन ने बताया कि गैस के प्रभाव से उनका पालतू तोता भी मर गया। स्थानीय महेश गोस्वामी ने बताया कि उनकी बच्ची सुबह घर से निकलते ही चक्कर खाकर गिर गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि उसे जहरीली गैस का असर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि दर्जनों लोग प्रभावित हुए हैं, और वे परिवार सहित अस्थायी रूप से धनबाद शिफ्ट हो गए हैं। केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि स्थानीय लोगों और पार्षद की सूचना पर मामले को गंभीरता से लेते हुए बीसीसीएल को जानकारी दी गई है। टीम मौके पर गैस रिसाव बंद करने के प्रयास में जुटी हुई है।


