केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर मप्र में आयोजित दो बड़े आयोजनों में शामिल होंगे। राज्य सरकार वाजपेयी की जन्मस्थली ग्वालियर में अभ्युदय मप्र ग्रोथ समिट और रीवा में प्राकृतिक खेती पर केंद्रित किसान सम्मेलन का आयोजन कर रही है। ग्वालियर ग्रोथ समिट का उद्देश्य निवेश और रोजगार को बढ़ावा देना है, जहां 2 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन होगा। करीब 10 हजार करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। वहीं रीवा के बसामन मामा गौ अभयारण्य में अमित शाह प्राकृतिक खेती प्रकल्प का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि समिट निवेश से रोजगार- ‘अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्यप्रदेश’ थीम पर आधारित है। इसमें पिछले दो वर्षों में प्रदेश में हुए औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन की जानकारी साझा की जाएगी। नए औद्योगिक क्षेत्र, क्लस्टर और प्लग-एंड-प्ले इकाइयों से स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। समिट में गोदरेज, गौतम सोलर, जेके टायर, टोरेंट पावर, डाबर, वर्धमान समूह, बीपीसीएल सहित कई प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और विचारों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगेगी।


