केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास 43 वोटर आईडी मिले:टीकमगढ़ में कई कार्ड्स जली हालत में मिले; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

टीकमगढ़ में मंगलवार रात को सिविल लाइन रोड पर स्थित केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के सरकारी बंगले के पास से 43 वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। खास बात यह है कि कई वोटर आईडी कार्ड जली हालत में मिले। आशंका जताई जा रही है कि इन्हें जलाने की कोशिश की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार और पटवारी समेत प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने इन कार्ड्स को जब्त कर लिया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने वोटर आईडी कार्ड्स के दुरुपयोग की आशंका जताई है। सड़क पर कार्ड देख तहसीलदार को बताया
को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिनिधि विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार रात वह केंद्रीय मंत्री के बंगले पर पहुंचे। तब उन्हें बंगले के ठीक बगल में सड़क पर वोटर कार्ड आईडी पड़े दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के बंगले के ठीक बगल में सरकारी क्वार्टर बने हैं। बगल वाले सरकारी क्वार्टर में संतोष अंबेडकर नाम का कर्मचारी रहता है, जो CMHO दफ्तर में बाबू है। उसी के घर से महिला ने यह वोटर आईडी सड़क पर फेंके हैं। घटना की सूचना तुरंत तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर को दी थी। महिला ने डस्टबिन में फेंके कार्ड
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी बंगले के सामने सड़क के दूसरी साइड दुकान में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। इसमें सड़क के दूसरी साइड जहां बंगले पर हरी नेट लगी दिखाई दे रही है, वहां सरकारी क्वार्टर से एक महिला बाहर निकाल कर सड़क पर डस्टबिन से कार्ड फेंकते हुए नजर आ रही है। कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
सांसद प्रतिनिधि विवेक चतुर्वेदी ने तहसीलदार को सूचना दी। चतुर्वेदी ने प्रशासन से जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन वोटर आईडी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में दिए गए लाभों की जांच होनी चाहिए। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि आज मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कलेक्टर के नाम पत्र सौंपा जाएगा। जानबूझकर केंद्रीय मंत्री को बदनाम करने के लिए उनके बंगले के बगल में यह कार्ड फेंके गए हैं। टीकमगढ़ के लोगों की ही हैं आईडी
तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि रात में ही निर्वाचन शाखा के अधिकारियों को वोटर आईडी वेरीफाई करने के लिए दे दिए गए हैं। सड़क पर मिले वोटर आईडी कार्ड टीकमगढ़ जिले के ही लोगों के हैं। सड़क पर कार्ड किसने फेंके, यह पुलिस जांच का विषय है। फिलहाल, निर्वाचन शाखा के अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *