केंद्रीय मंत्री ने चलाई साइकिल,टाइगर मैराथन रूट का जायजा:मैराथन में रजिस्ट्रेशन की डेट 3 दिन बढ़ाई;कहा-जो फिट है,वो हिट है

अलवर में आगामी 8 फरवरी को होने वाली अलवर टाइगर मैराथन को लेकर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार सुबह साइकिल रैली के रूप में मैराथन रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्वयं साइकिल चलाते नजर आए। साइकिल रैली में शहर के बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और आम नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने मंत्री के साथ मिलकर साइकिल चलाई। करीब 10 किलोमीटर लंबी इस साइकिल रैली के माध्यम से मैराथन के रूट को चेक किया गया। रैली के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश है—“जो फिट है, वही हिट है।” इसी सोच के तहत अपने संसदीय क्षेत्र में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर में खेल मंत्री के नेतृत्व में ‘संडे साइकिल क्लब’ के रूप में एक अभियान चलाया जा रहा है। अलवर के कई साथी पिछले कई रविवारों से इस अभियान से जुड़े हुए हैं। उन्हीं के आग्रह पर आज उन्होंने स्वयं साइकिल रैली में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 8 फरवरी को होने वाली अलवर टाइगर मैराथन में अब तक 10 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इस मैराथन के जरिए युवाओं में खेल भावना, ऊर्जा, नैतिक मूल्यों के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण और अलवर के पर्यटन विकास का संदेश दिया जाएगा। मैराथन को सफल बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन की तारीख को तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है।
वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आज अलवर में कुल 7 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। कार्यक्रमों की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, इसके बाद ‘मन की बात’ कार्यक्रम, फिर शहर विधानसभा की बैठक, और इसके बाद अन्य विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *