कोटपूतली में केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव की विशिष्ट उपस्थिति में मंगलवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कोटपूतली, बहरोड़, विराटनगर, बानसूर और मुंडावर के विधायक, अलवर जिला प्रमुख, जयपुर आईजी, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी और जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री यादव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना, स्वच्छ भारत मिशन और टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य योजनाओं का धरातल पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। यादव ने एनएचएआई से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अलग से बैठक आयोजित करने को कहा। उन्होंने सिक्स लेन के मूल प्लान के अनुसार मीडियन गैप को व्यवस्थित करने, सुरक्षा उपायों और सुगम यातायात के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता कार्यों को प्राथमिकता देने, शहर में सीवरेज प्लान को बेहतर बनाने और पूरे शहर को कवर करते हुए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के कार्य में तेजी लाने के निर्देश नगर परिषद को दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों से आमजन को योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करने और बैंकों से समन्वय स्थापित कर लोगों को लाभान्वित करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग को फील्ड में जाकर जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने, कार्यों में गति लाने और घरेलू एवं कृषि कनेक्शन के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।


