मानसरोवर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 5 में क्लास 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रिंसिपल राघवेंद्र लालसंतानियां ने मां सरस्वती को पुष्प अर्पण किए। समारोह के दौरान स्टूडेंट्स ने अपने स्कूली जीवन के यादगार पलों को साझा किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भावुक क्षण तब आया जब पीजीटी गणित शिक्षक गौतम जांगिड़ ने ‘कभी अलविदा ना कहना’ गीत गाया, जिससे विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। पीजीटी कॉमर्स शिक्षक राजेश देवंदा ने छात्रों को समय के महत्व के बारे में समझाया। प्रिंसिपल लालसंतानियां ने स्टूडेंट्स को कड़ी मेहनत का संदेश देते हुए कहा कि बिना परिश्रम के सफलता नहीं मिलती। उन्होंने छात्रों से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल ने सभी स्टूडेंट्स को बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र के साथ एक-एक पेन और चॉकलेट भेंट किए। स्टूडेंट्स ने अपने शिक्षकों के साथ समूह तस्वीरें भी खिंचवाईं। कार्यक्रम का संचालन क्लास 11वीं की स्टूडेंट अनुष्का सोनी और अदिति शर्मा ने किया।


