मुख्यमंत्री बोले- परियोजना से बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बड़े स्तर पर सिंचाई एवं पेयजल सुविधा मिलेगी। साथ ही बिजली उत्पादन, फसलों की पैदावार एवं पर्यटन क्षेत्र में विकास से नागरिकों का जीवन खुशहाल होगा। बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी। मुख्यमंत्री रविवार को टीकमगढ़ जिले की जतारा तहसील में आयोजित जन-कल्याण पर्व – किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों को लड्डू खिलाकर 25 दिसंबर को खजुराहो में आयोजित होने वाले केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परियोजना का खजुराहो में भूमिपूजन करेंगे। जर्रापुर में घाट बनाने की घोषणा – मुख्यमंत्री ने बुदनी तहसील के ग्राम जर्रापुर में आयोजित नाथ संप्रदाय के संत समारोह को संबोधित किया। डॉ. यादव ने कहा कि नाथ संप्रदाय ने दुनिया को योग का वास्तविक अर्थ समझाया है। उन्होंने संतों की मांग पर बुदनी में नर्मदा के किनारे घाट निर्माण कराने की घोषणा की।


