केन बेतवा लिंक परियोजना के तहत छतरपुर जिले में 3 लाख 46 हजार 491 हेक्टेयर जमीन की सिंचाई की जाना है। इसके लिए केन और बेतवा नदी को जोड़ने वाली मुख्य लिंक नहर पर पांच पंप स्टेशन से नहरों का नेटवर्क बनाया जाना है। इसी प्रकार केन नदी के ढ़ोड़न बांध से भी एक 90 किलोमीटर लंबी नहर निकलेगी। जल संसाधन विभाग ने पांचों पंप स्टेशन और ढ़ोड़न बांध से निकलने वाली नहर के अलग-अलग डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर लिए हैं। इनके डीपीआर केन बेतवा लिंक प्रोजेक्ट अथॉरिटी में प्रस्तुत भी कर दिए गए हैं। अब केंद्रीय जल आयोग दिल्ली की में 10 दिसंबर को होने वाली बैठक में इन प्रस्तावों के अनुमोदन पर विचार किया जाएगा। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को होने वाली बैठकों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इन प्रस्तावों की समीक्षा कर सकते हैं। केन बेतवा लिंक परियोजना के तहत केन नदी पर ढ़ोड़न बांध बनाया जा रहा है। बांध के निर्माण का टेंडर पहले ही मंजूर कर लिया गया है। हैदराबाद की नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी बांध और बांध से निकलने वाली दो सुरंगों का निर्माण कर रही है।


