भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को केराकछार धान खरीदी केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम करमीटिकरा से धान बेचने आए किसान भुजबल से खेती-किसानी और खरीदी प्रक्रिया पर चर्चा की। पारदर्शिता परखने के लिए उन्होंने खुद मॉइश्चर मशीन से धान की नमी मापी और किसानों के सामने तौल करवाई, ताकि किसी गड़बड़ी की आशंका न रहे। कलेक्टर ने फड़ प्रभारी, ऑपरेटर, नोडल अधिकारी और ग्रामीणों से चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध धान खरीदी किसी भी हालत में न हो। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, बारिश से बचाव के कैप-कवर, तिरपाल और भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। धान खरीदी और बारदाना पंजी का अवलोकन करते हुए उन्होंने पंजीयन अनुसार जारी टोकन और रकबा का भौतिक मिलान किया। साथ ही किसानों के लिए बैठने की सुविधा, पेयजल, परिवहन और पर्याप्त बारदाना की उपलब्धता की भी जांच की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त रहें और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व किसानों के अनुकूल हो। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


