कोंडागांव जिले के केशकाल घाटी में हिरणों का एक बड़ा झूंड देखने को मिला है। इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें कई सारे हिरण सड़क पार करते नजर आए। इनके साथ ही बंदर भी देखे गए। वीडियो 21 जून का है। मानसून की बारिश से घाटी में चारों तरफ हरियाली छाई हुई है, ऐसे में रोजाना जंगली जानवर निकल रहे है। राहगीरों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हिरण बिना किसी डर के सड़क पार कर रहे हैं। अक्सर निकलते है जंगली जानवर केशकाल घाट में वन्यजीवों का दिखना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी यहां भालू, बंदर, तेंदुआ और लंगूर जैसे जानवर दिखाई देते रहे हैं। धीमी गति से गाड़ी चलाने की अपील वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के मौसम में हरियाली बढ़ने से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस क्षेत्र में धीमी गति से वाहन चलाएं। साथ ही वन्यजीवों को सड़क पार करने के लिए रास्ता दें। केशकाल घाट आमतौर पर ट्रैफिक जाम और तीखे मोड़ों के लिए जाना जाता है। लेकिन इस बार यह प्राकृतिक सौंदर्य और वन्य जीवन के अनूठे नजारे के लिए चर्चा में है।


