कैबिनेट मंत्री बोले- जैसीनगर का नाम नहीं बदला जा रहा:गोविंद सिंह का आरोप- भाजपा नेता कांग्रेसियों के साथ मिलकर कर रहे भ्रामक प्रचार

सागर के जैसीनगर (जयसिंह नगर) के नाम बदलने का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। नाम बदलने को लेकर दांगी क्षत्रिय समाज विरोध कर रहा है। इसी बीच कैबिनेट मंत्री और सुरखी विधानसभा के विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने अपना बयान जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने भाजपा के ही कुछ नेताओं पर कांग्रेस के साथ मिलकर षड्यंत्र कर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। जारी वीडियो में कैबिनेट मंत्री राजपूत ने कहा कि कुछ भारतीय जनता पार्टी के नेता कांग्रेसियों के साथ मिलकर षड्यंत्र के साथ भ्रामक प्रचार करने में लगे हैं कि जैसीनगर का नाम बदला जा रहा है। विधायक ने कहा कि कलेक्टर सागर, एसडीएम जैसीनगर से भी इस बात की पुष्टि की जा सकती है कि अभी तक जैसीनगर का नाम बदलने का कोई भी प्रस्ताव शासन की तरफ से नहीं भेजा गया है। कतिपय लोग इस प्रकार भ्रामक प्रचार करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जैसीनगर का नाम नहीं बदला जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जैसीनगर के लोग प्रसन्न है। हम काम पर विश्वास करते हैं, नाम पर नहीं। यह है पूरा मामला
दरअसल सागर के जैसीनगर (जयसिंह नगर) में 25 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे थे। जहां उन्होंने जनसभा के दौरान जैसीनगर का नाम जय शिवनगर करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रस्ताव आएगा तो हम घोषणा कर देंगे। यह मांग उनके समक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने रखी थी। नाम बदलने की बात सामने आते ही क्षत्रिय दांगी समाज ने विरोध शुरू किया। 29 सितंबर को दांगी क्षत्रिय समाज ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने ज्ञापन में जैसीनगर के नाम बदलने पर आपत्ति जताई और घोषणा को निरस्त करने की मांग की थी। इसके बाद क्षत्रिय दांगी समाज ने जैसीनगर में पहुंचकर बैठक की। बीना में भी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। दशहरा कार्यक्रम में मंत्री ने कसा था तंज
मामला तूल पकड़ने के बाद दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने 2 अक्टूबर को जैसीनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंच से भाजपा के ही पूर्वमंत्री भूपेंद्र सिंह पर तंज कसा था। उन्होंने मंच से कहा था कि मुख्यमंत्री ने बोला है कि आप प्रस्ताव भेजो, हम घोषणा कर देंगे। अभी प्रस्ताव भी नहीं गया और पेट में चूहा काटने लगे। कौन के पेट में काट रहे, हम नाम नहीं ले रहे। वे 10 साल यहां के विधायक रहे। विधायक रहते हुए एक पुलिया नहीं बनी। एक टूटी पुलिया पर उनका नाम नहीं लिखा। घर के लोग भेज दिए। भतीजे भेज दिए। कांग्रेस के चार-पांच भेज दिए। जाओ ज्ञापन दे आओ। जैसीनगर बन गया। जयसिंह नगर बनेगा। हमारे राजाओं का अपमान किया गया। अरे वो हमारे राजा हैं। जैसीनगर के राजा हैं। जब 500 करोड़ की घोषणा हो सकती है तो मूर्ति की घोषणा क्यों नहीं हो सकती। राजा जय सिंह की मूर्ति लोग कहेंगे तो आपका विधायक बनवाएगा। ऐसी सुंदर मूर्ति बनवाएंगे कि लोग देखते रह जाएंगे। हम सभी समाजों का सम्मान करते हैं। लेकिन भैया अपनों घर देखो, हमारे जैसीनगर पर पत्थर नहीं फेंको। तुम्हें जो बनाने सो जाओ तुम्हारा घर है विधानसभा है, वहां पर करो। यह खबर भी पढ़ें
MP में किसानों के लिए फिर भावांतर योजना मध्यप्रदेश में किसानों के लिए एक बार फिर ‘भावांतर योजना’ लागू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोयाबीन की फसल के लिए इस योजना का ऐलान किया है। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *