कैमिस्ट से डोनी बल की धमकी:2 दिन में 50 लाख फिरौती न दी तो जान से मार देंगे

भास्कर न्यूज | अमृतसर विदेश बैठे गैंगस्टरों ने दुकानदारों, डाक्टरों सहित कैमिस्टों को टारगेट करना शुरू कर दिया है। विदेशी नंबरों से कॉल करके फिरौती की मांग कर रहे हैं। पैसे न देने पर जाने से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसी तरह, ब्लॉक सूरज एवेन्यू के रहने वाले एक कैमिस्ट को विदेशी नंबर से गैंगस्टर डोनी बल ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी। जब कैमिस्ट ने कॉल काट दिया तो आरोपी ने ऑडियो रिकार्डिंग भेजकर 2 दिन में पैसे देने की बात कही। गैंगस्टर ने कहा कि 2 दिन में अगर फिरौती नहीं दी तो जान से मार देंगे। कैमिस्ट बलराज सिंह की शिकायत पर थाना झंडेर पुलिस ने इस मामले में पर्चा दर्ज किया है। इसी तरह एक सप्ताह पहले अजनाला में एक कैमिस्ट की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके कारण का अभी कुछ पता नहीं चला है। न ही कोई आरोपी पुलिस के पकड़ में आए हैं। ढाई महीने में फिरौती के मामलों को देखें तो अब तक 6 केस सामने आए हैं। कई ऐसे दुकानदार, डाक्टर और कैमिस्ट ऐसे भी हैं जो पुलिस के पास जाने से डर रहे हैं। .22 जून की रात को फिरौती के पैसे न देने पर मेहता एक डाक्टर के घर के बाहर आरोपी सोनू ने गोलियां चलाई थी। देहाती पुलिस ने आरोपी को काबू कर पिस्तौल बरामद करने के दौरान मुठभेड़ में घायल किया था। 7 जुलाई को लोपोके थाना अंतर्गत शहूरा गांव निवासी राजविंदर सिंह को फोन करके 50 लाख फिरौती मांगी थी। आरोपी ने खुद का नाम गुरदेव सिंह उर्फ जस्सल बताया था। . 7 जुलाई को मत्तेवाल पुलिस ने उदोके कलां गांव निवासी रणजीत कुमार की शिकायत पर 2 आरोपियों पर पर्चा दर्ज किया। जिन्होंने कॉल करके 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। .11 जुलाई को रमदास के अधीन आते प्राइवेट अस्पताल पर 50 लाख रुपए फिरौती न देने पर बाइक सवार 2 नकाबपोशों ने गोलियां चलाईं। 17 जुलाई को कत्थूनंगल स्थित चविंडा देवी स्थित सुंदर बेकरी पर बाइक सवार 3 युवकों ने फायरिंग की। यह घटना दुकानदार की ओर से 40 लाख रुपए की फिरौती न देने पर गोलियां चलाई गई थी। ^फिरौती की मिल रही शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। अगर किसी को भी फिरौती की धमकी आ रही है तो वह बिना डरे संबंधित थानों में शिकायत दर्ज करवाए। जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी। -मनिंदर सिंह, एसएसपी देहाती केमिस्ट बलराज सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को अपने मेडिकल स्टोर से रोजाना की तरह काम कर रहा था कि शाम 6.47 बजे उसके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि वह डोनी बल बोल रहा है। उसने डर के कारण कॉल को काट दिया। जिसके बाद डोनी बल ने ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी। उस रिकार्डिंग में डोनी बल ने कहा कि वह 2 दिन का समय दे रहे हैं। 50 लाख रुपए की फिरौती चाहिए। किसी को भी रिकॉर्डिंग भेज दो या पुलिस को शिकायत कर दो, कोई डर नहीं है। पैसे नहीं मिले तो जान से मार दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *