मुरैना जिले के कैलारस में शनिवार को सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल प्रभारी एवं जिला मंत्री चारुकृष्ण दंडोतिया ने की। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के स्कूलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपना प्रदर्शन प्रस्तुत किया। कबड्डी मुकाबला सांदीपनी स्कूल कैलारस और उत्कृष्ट विद्यालय कुटरावली के बीच खेला गया, जिसमें सांदीपनी स्कूल ने 17-09 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं बॉलीबॉल मैच शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरावली और सांदीपनी स्कूल के बीच हुआ। इस मुकाबले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरावली विजेता रहा। प्रतियोगिताएं ब्लॉक स्तर पर आयोजित की गईं, जिसमें चार स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने स्कूलों का प्रतिनिधित्व किया। प्रभारी चारुकृष्ण दंडोतिया ने बताया कि फिलहाल प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर पर आयोजित की जा रही है। ब्लॉक स्तर के विजेता अब विधानसभा स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद लोकसभा स्तर पर मुकाबले होंगे। जो टीम लोकसभा स्तर पर विजयी होगी, उसे दिल्ली में प्रधानमंत्री के सामने खेलने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मैदान में खेलते छात्रों में उत्साह और जोश देखने लायक था।


