पद्म श्री प्रसिद्ध भारतीय गायक कैलाश खेर ने सोमवार सुबह की पारी में रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाइगर सफारी की। इस दौरान उन्होंने वन्यजीवों की अठखेलियां देखी, हालांकि उन्हें वनराज के दीदार नहीं हुए। यहां उन्होंने टाइगर सफारी पर गए पर्यटकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उल्लेखनीय है कि सवाईमाधोपुर स्थापना दिवस समारोह में बालीवुड कैलाश खेर दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे। इसे लेकर वे रविवार शाम सवाईमाधोपुर पहुंचे है। खेर नाहरगढ़ होटल में ठहरे है। इस दौरान उन्होंने रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण कर वन्यजीवों को अठखेलियां करते हुए देखा। जानकारी के अनुसार प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर को मुंबई में कई सालों तक स्ट्रगल करने के बाद फिल्म “अंदाज” से उन्हें ब्रेक मिला। इस फिल्म में कैलाश ने “रब्बा इश्क ना होवे” में अपनी आवाज दी। लेकिन कैलाश के किस्मत का तारा तब चमका जब उन्होंने फिल्म वैसा भी होता है में “अल्ला के बंदे हम” गाने में अपनी आवाज दी। ये गाना आजतक कैलाश के हिट गानों में से एक है। कैलाश खेर अब तक 18 भाषाओं में गाने गा चुके हैं। तीन सौ से अधिक गाने कैलाश ने सिर्फ बॉलीवुड में गाए हैं। कैलाश को अपने गानों के लिए दर्जनों अवार्ड मिल चुके हैं।


