“कॉफी विद कलेक्टर”: 23 खिलाड़ियों से सीधा संवाद:खेलों की चुनौतियों पर चर्चा, सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन

हनुमानगढ़ में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शुक्रवार को “कॉफी विद कलेक्टर” कार्यक्रम के तहत जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया। इस नवाचार में विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले 23 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें स्कूल स्तरीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता मणिका बिश्नोई भी शामिल थीं। कार्यक्रम में पहली बार जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने खिलाड़ियों से सीधे बातचीत की। संवाद के दौरान खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष, अभ्यास की चुनौतियों और संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं को खुलकर साझा किया। कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने प्रत्येक खिलाड़ी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियों ने सभागार में मौजूद अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया, जिन्होंने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘मानस अभियान’ के लोगो वाले बैग, डायरी और कॉफी मग भी भेंट किए गए। डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की सफलता की कहानियों को अन्य युवाओं तक पहुंचाना और जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि गांवों से आने वाले बच्चे भी सही लक्ष्य, समय पर निर्णय और निरंतर अभ्यास से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग खिलाड़ी रूपिंदर कौर ने संगरिया में राष्ट्रीय स्तर का स्केटिंग रिंक बनाने की मांग की। शारीरिक शिक्षिका चंपा ने मक्कासर में सॉफ्टबॉल के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और खेल मैदान में पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव दिया। एथलीट देविका ने ललाना बास दिखनादा के खेल मैदान में जिम के उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही। इस संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग, कबड्डी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, सॉफ्टबॉल, वूशु और रेसलिंग सहित विभिन्न खेलों के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *