कुकदूर| ग्राम कुई- कुकदूर स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग प्रणाली की व्यवहारिक जानकारी देना रहा। साथ ही वित्तीय संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक अनुभव शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंकिंग कार्यप्रणाली, विभिन्न प्रकार के खातों, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल व प्रभावी ढंग से उत्तर देते हुए बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को बैंक की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से देखने और समझने का अवसर मिला, जिससे उनके व्यावसायिक ज्ञान में वृद्धि हुई। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस घनश्याम के निर्देशन में आयोजित किया गया। वाणिज्य विभाग से डॉ. राजीव कुशवाहा व डॉ. धीरज शर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।


