कॉलेज के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से मतदान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए वोट डालने की शपथ ली

भास्कर न्यूज | चतरा लाला प्रीतम बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा संकाय के बीएड व डीएलएड प्रशिक्षु शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं एलपी इवनिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से मतदान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए शपथ लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतीश कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षित युवा वर्ग के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न प्रकार के संगठनों की सहायता से निष्पक्ष व स्वच्छ मतदान के प्रति वाद- विवाद,संगोष्ठी,चित्र कारी निबंध लेखन पेंटिंग जैसे कार्यक्रम जो पाठ्य सहगामी क्रिया के अंतर्गत आते भी हैं उनका सहयोग लेकर समाज के सुदूरवर्ती क्षेत्रों मैं निवास करने वाले लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा सकता है। व्याख्याता सह समन्वयक रंजीत कुमार ने कहा कि इस दिवस की प्रासंगिकता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि किसी भी राष्ट्र की सर्वोच्च शक्ति संविधान निर्देशित लोकतंत्र में निहित है। सुदृढ़ और समर्थ लोकतंत्र का आधार मतदाता ही होते हैं। प्रशिक्षु शिक्षिका काजल कुमारी व मधु कुमारी ने मतदाता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग जिसकी स्थापना 25 जनवरी 1950 ई को हुई थी। उसकी 61वी वर्षगांठ के अवसर पर 25 जनवरी 2011 को प्रथम राष्ट्रीय मतदाता दिवस का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षु पुष्पा कुमारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस वर्ष 2026 की थीम- मेरा भारत,मेरा वोट है। प्रशिक्षण महाविद्यालय की निर्देशिका प्रो ललिता कुमारी ने कहा कि मतदाता दिवस लोकतंत्र के प्रति आस्था एवं विश्वास की समृद्धि का पर्व है। स्वयं तो मतदान करें ही साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में प्रशिक्षक बाबर अली, गुलजार हुसैन, राजेश्वर साव, प्रकाश कुमार, बबीता कुमारी, नूतन कुमारी, जीडी मिश्रा आदि उपस्थित थे। भास्कर न्यूज | चतरा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को गृह रक्षा वाहनी के चतरा कार्यालय में शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गृह रक्षा वाहिनी के सभी अधिकारी व जवान शामिल हुए। जिला समादेष्ठा अमरेंद्र कुमार ने अधिकारियों और जवानों को मतदान का शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समादेष्ठा अमरेंद्र कुमार ने कहा कि आम मतदाताओं को उनके मतदान के अधिकार से रुबरु कराने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाता है। भारतीय लोकतंत्र में सभी मतदाताओं को चाहें वह किसी भी पद पर हों, मतदान का अधिकार दिया गया है। सभी मतदाताओं को स्वच्छ लोकतंत्र की बहाल करने के लिए अवश्य मतदान करना चाहिए। मौके पर जिला निरीक्षक माजिद आलम के अलावा जिला समादेष्टा कार्यालय ,मंडल कारा,उत्पाद विभाग ,प्रमंडलीय विद्युत भंडार,वन विभाग,पुलिस केंद्र व भारतीय स्टेट बैंक आदि में तैनात गृहरक्षक के जवान उपस्थित थे। भास्कर न्यूज | इटखोरी भद्रकाली मंदिर प्रांगण स्थित भदलपुर में अवस्थित शीतल नाथ जन्मभूमि स्थल पर आगामी 1 फरवरी से पंच कल्याणक महोत्सव का आयोजन होगा। इसी के साथ नवनिर्मित जैन मंदिर का भव्य उद्घाटन होगा। इसकी जानकारी भदलपुर जैन मंदिर में शीतलनाथ तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महामंत्री सुरेश झांझरी एवं कोषाध्यक्ष जितेंद्र जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिया। उन्होंने कहा कि पंच कल्याणक प्रतिष्ठा सह प्रथम महा मस्तकाभिषेक महोत्सव का भी आयोजन होगा। इस पंच कल्याणक आयोजन में देशभर से हजारों जैन श्रद्धालु शामिल होंगे। मंदिर को अंतिम रूप दिया जा रहा है, और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस महोत्सव से इटखोरी को राष्ट्रीय पहचान के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इटखोरी में भगवान शीतलनाथ की नव स्थापित प्रतिमा की भी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह कार्यक्रम 1 फरवरी से आरंभ होकर 6 फरवरी तक चलेगा। जिसका समापन एवं भंडारा 7 फरवरी को होगा। पंचकल्याणक, महा मस्तकाभिषेक कार्यक्रम में बड़ी तादाद में देश भर के श्रद्धालु एवं जैन धर्मावलंबी शामिल होंगे। इससे इटखोरी और चतरा जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भगवान शीतलनाथ की पावन जन्मभूमि भदलपुर इटखोरी की पवित्र धरती पर नव-निर्मित भव्य एवं मनोहर जैन मंदिर में भगवान शीतलनाथ स्वामी की अलौकिक और दिव्य प्रतिमा शीघ्र ही विराजमान होने जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *